आधयात्मिक मूल्यों के लिए समर्पित सामाजिक सरोकारों की साहित्यिक पत्रिका.

Sunday, October 12, 2008

सत्य तो विकार रहित और अविनाशी है।

यह बिल्कुल सच है कि संसार की असत्यता की धारणा यदि निरंतर मन में रखी जाए तो वह एक मनुष्य को निस्पृह और निश्चिन्त बनाने में सहायता पहुँचाती है। निस्पृहता से बढ़कर दूसरा गुण नहीं है। स्पृहता या लोभ पाप की जड़ है जो आगे चलकर दुःख और कष्ट की जननी बन जाती है। जिसने निस्पृहता का अभ्यास कर लिया है वह किसी भी उच्च उद्देश्य में अपने को लगा सकता है क्योंकि एक निश्चिन्त व्यक्ति ही नैतिक, मानसिक और आध्यात्मिक क्षेत्र में महान कार्य कर सकता है।

जिसने अपने मन में यह दृढ़ निश्चय कर लिया है कि प्रत्येक सांसारिक वस्तु परिवर्तन, विनाश और मृत्यु के अधीन है, वह अपने को किसी सांसारिक सुख में लिप्त नहीं होने देता। वह जानता है कि यह क्षणिक है, अतः उसके ध्यान देने योग्य नहीं है। इस प्रकार इस गतिशील संसार का उचित मूल्य निर्धारित कर लेने से हमारे जीवन का दृष्टिकोण "अंधकारमय और विषादपूर्ण'' नहीं कहा जा सकता, जैसा कि पाश्चात्य विद्वान्‌ कहते हैं, वरन्‌ इससे हमारा हृदय आशा और आनंद से पूर्ण हो जाता है और हम प्रसन्न तथा संतुष्ट रहते हैं।

बाह्य जगत्‌ के अंदर रहने वाली वस्तुओं का विश्लेषण करते हुए उसको परिवर्तन होते देख और फलतः उसे असत्य जानकर प्राचीन भारतीय दार्शनिकों ने निभ्रान्त रूप से उस आधारभूत सत्य का निर्देश किया है जो विकार रहित और अविनाशी है।

प्रस्तुति : कविता

Saturday, October 11, 2008

गुरु ने बताया...


सब पूछते हैं.........

भगवान आएंगे..... ..........?

गुरु ने बताया भगवान नहीं आएंगे।

तुम्हारी मैं जाएगी।

भगवान तो तू ही है॥

Friday, October 10, 2008

जो शास्वत है वह सत्य और परिवर्तनशील असत्य

यह सत्य किसी प्रकार अस्वीकार नहीं किया जा सकता कि यह बाह्य जगत्‌ जिसमें तमाम आकर्षण भरे पड़े हैं और जो देखने में अनेक दृढ़ रूपों में प्रकट होता है प्रत्येक क्षण बदलता रहता है और इसलिए असत्य है। यह इतना प्रत्यक्ष है कि इसके लिए प्रमाण की आवश्यकता नहीं। एक विचारवान्‌ निरीक्षक तथा सूक्ष्म चिन्तनशील व्यक्ति को संसार की परिवर्तनशीलता पर विश्वास दिलाने के लिए किसी तर्क की आवश्यकता नहीं है। आम को आम, फावड़े को फावड़ा कहना अनुचित नहीं है। किसी अप्रिय सत्य का यथा तथ्य वर्णन कर देना जीवन को दुःखमय या नैराश्यपूर्ण दृष्टि से देखना नहीं है।

संसार की असत्यता पर विचार करना व्यर्थ नहीं है। इस विचार का नैतिक और उपयोगिता की दृष्टि से भी मूल्य है। ऐसा प्रायः देखने में आता है कि एक आदमी अस्वस्थता, धन-हानि, असफलता, बेचैनी इत्यादि अनेक प्रकार के घोर संकटों और दुःखों से घिर जाता है और स्वभावतः वह दुःखी, उदासीन और निराश हो जाता है और उसके लिए अपनी दुःखमय सत्ता का शांतिपूर्वक निर्वाह करना कठिन हो जाता है। परंतु वह व्यक्ति जो इस भौतिक संसार की परिवर्तनशीलता पर विश्वास रखने का आदी है, वह वीर है और धैर्यपूर्वक दुर्भाग्य का सामना करता है। जब कभी उसे कठिन अभाव का सामना करना पड़ता है और कोई सहारा दिखाई नहीं देता, तब वह निराश होने की अपेक्षा उस दुर्भाग्य में विचाशीलता से काम लेता है और अपने को इसी विचार से धैर्य देता है कि सुख हो या दुःख- इनमें से कोई स्थायी नहीं है, आखिर उसके कष्ट के दिन भी उतने ही छोटे और क्षणिक होंगे जितने सुख और सम्पन्नता के दिन थे।

प्रस्तुति :- पूनम सिकरवार दिल्ली

इस्लाम में सत्य नेकी का रास्ता

नेकियाँ साधक को सिदक़ (सत्य) मार्ग पर डालकर उसे सत्यवादी बनाती हैं। सत्यता के मार्ग पर अग्रसर रहने वाला साधक ही सादिक़ (सत्यवादी) कहलाए जाने का अधिकारी है। शेख अबु सईद उल कुरेशी का कथन है कि सादिक वह है जो जाहिर (बाह्‌य) ठीक हो और बातिन (अन्तर) कभी कभी मनोकामनाओं की ओर आकृष्ट हो। सत्य की राह पर चलने वाला इबादत और इताअत (उपासना और साधना) में रस प्राप्त करता है और प्रभु के जिक्र से उसकी आत्मा जगमगा उठती है। हुज्वेरी का कहना है कि सत्यवादी व्यक्ति वह है जिसका बाह्‌य और आंतरिक दोनों ठीक हों, और वह अल्लाह की इस प्रकार इबादत करे कि उस अल्लाह के जिक्र से खाना, पीना, सोना और कोई दूसरी चीज उसे न रोक सके। सूफियों ने सत्य की राह पर चलने वालों को नबियों के बाद सबसे बड़ा दर्जा दिया है। इमाम गजाली ने एक हदीस में कहा है कि "सत्य नेकी का मार्ग दिखाता है, नेकी जन्नत का मार्ग दिखाती है। उन्होंने सत्य की पहचान छः निम्नलिखित रूपों में बतायी है :-
१। सत्य (सिदक़) बोल और बात में होना चाहिए।
२। सत्य (सिदक़) इरादों में होना चाहिए।
३. सत्य (सिदक़) निश्चय और संकल्पों में होना
4। सत्य (सिदक़) वायदों को पूरा करने में होना चाहिए।
५। सत्य (सिदक़) ज्ञान में होना चाहिए।
६। सत्य (सिदक़) धार्मिक स्थानों में होना चाहिए।
इन सब अवसरों पर सत्य को अपनाने वाला ही सादिक़ (सत्यवादी) है। अबू अली दक़काक सिदक्‌ को मन की माँगों से पाक रहना बताते हैं। जुनून मिजी सिदक़ (सत्य) को उसी समय पूर्ण मानते हैं जबकि साधक अपनी सच्चाई में एकनिष्ठ हो। अशरफ अली थानवी के अनुसार साधक जिस स्थिति में भी हो, वह चरम उत्कर्ष को पहुँची हुई हो, उसमें कमी न हो। यही सिदक्‌ (सत्य) है। इसी से जो चरम उत्कर्ष को पहुँचा हुआ साधक होता है, उसको सिद्दीक (सत्यवादी) कहते हैं।
प्रस्तुतिः- डॉ. शगुफ्ता नियाज प्राध्यापिका,वीमेन्स कालिज, ए.एम.यू. अलीगढ़

Tuesday, October 7, 2008

जिज्ञासा और समाधान

जिज्ञासाः- महाराजश्री, रामचरित मानस में एक चौपाई "संकरु राम रूप अनुरागे। नयन पंचदस अतिप्रिय लागे॥'' में शिव के १५ नेत्रों का वर्णन किस आधार पर महाकवि तुलसी दास ने लिखा है -योगेन्द्र सिंह, नगला संतोषी।

समाधानः- भगवान शिव के पांच मुख हैं तथा प्रत्येक मुख पर तीन नेत्र इस प्रकार पांच गुणा तीन अर्थात शिव के पंद्रह नेत्रों का वर्णन महाकवि तुलसीदास ने किया है, जो अत्यंत प्रिय लग रहे हैं।

जिज्ञासाः- महाराजश्री स्वास्तिक चिह्‌न का विश्लेषण तथा अर्थ बताने की अनुकम्पा करें। साथ ही यह भी बताने की अनुकम्पा करें कि आप अब तक कितनी कथाओं को विरचित कर चुके हैं? -रघुराज सिंह बैनीवाल, हिन्दौन

समाधानः-स्वास्तिक शब्द दो शब्दों का मेल है। स्व एवं अस्ति। यह स्वयं के अस्तित्व का प्रतीक है। यह मंगल चिह्‌न माना जाता है। इसमें चारों ओर निकलने वाली रेखाएं चारों दिशाओं की द्योतक हैं, जो प्रत्येक दिशा में बढ़ती हुई उर्ध्व की ओर प्रयासरत होती प्रतीती होती हैं। इसके केन्द्र में आत्मा का स्थान है। इस प्रकार यह सत्य का प्रतीक भी है। जहां तक कथाओं की गिनती का प्रश्न है उसके बारे में बस इतना कह सकते हैं कि संख्या बहुत महत्वपूर्ण नहीं है। महत्वपूर्ण है कि कितने लोगों ने उस पर अमल किया। फिर भी आपकी जिज्ञासा के लिए लगभग ६५० कथाएं अब तक हो चुकी हैं।

http://rudragiriji.net/

Saturday, October 4, 2008

हमारे जीवन का स्पष्ट सत्य मृत्यु है


हमारे जीवन का अत्यंत स्पष्ट और घोर सत्य मृत्यु है जो हमारे सम्मुख खड़ी घूर रही है और प्रति दिन हम लोगों में से कितना ही काम तमाम करती रहती है, फिर भी हमें उसका ध्यान भी नहीं रहता कि एक दिन हमें भी मरना है और हम अपने रोज+ के साधारण काम-धंधों में लगे रहते हैं। हमारी इस मनोवृत्ति से हमारी उपेक्षा तथा विचारशून्यता अच्छी तरह प्रकट होता है। मनुष्य इतना पाप करते हैं, इतना दुःख भोगते हैंऋ क्योंकि वे केवल इस भौतिक जीवन को ही सत्य मानकर चलते हैं जो वास्तव में सत्य नहीं है, वरन्‌ एक बाह्य जीवन की इस परिवर्तनशीलता पर ध्यान देना सीख लेते तो निश्चय ही अपने स्वार्थ के लिए अन्याय करना या दूसरों को हानि पहुँचाना छोड़ देते। हमें बहुधा इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि किस प्रकार करोड़ों मनुष्य प्रतिदिन भौतिक शरीर धारण करके पैदा होते और मरते हैं तथा कितने असंख्य मनुष्य इस परिवर्तनशील संसार में आये और चले गये होंगे। अपनी भौतिक सत्ता के समाप्त होने पर हम देखते हैं कि जो Vअस्तुएँ दुनिया में बड़ी मूल्यवान्‌ और महान्‌ कही जाती थीं उनका कोई वास्वविक मूल्य नहीं है और न उनमें कोई सार है। बु(मिान्‌ और विचारवान्‌ मनुष्य छाया या सारहीन वस्तु के पीछे नहीं दौड़ते। अपने जीवन की बाह्य घटनाओं पर इस प्रकार गंभीर विचार करने से हम संसार के क्षणिक आकर्षणों से बहुत कुछ दूर रह सकेंगे और हमारे मस्तिष्क में एक प्रकार की गंभीरता तथा समता की भावना पैदा होगी जो उच्चतर जीवन की प्राप्ति के लिए अत्यंत आवश्यक है।

प्रस्तुति : पूजा चौधरी

Wednesday, October 1, 2008

बाहबिल के अनुसार : सत्य स्वतंत्र करता है।

परमेश्वर सर्वशक्तिमान है और यह शाश्वत्‌ सत्य है। भिन्न-भिन्न धर्मों में सत्य को कई रूपों में परिभाषित किया गया है। प्रत्येक धर्म एवं विश्वास अपने धर्मवलम्बियों एवं विश्वासियों से यही कामना करता है कि वह 'सत्य' पर चलते हुये अपने नैतिक कार्यों/जीवन को व्यतीत करें। वर्तमान संसार में शाश्वत्‌ सत्य को अधर्म, बुराई अमानुविक कार्यों तथा सामाजिक कुरोतियों द्वारा पूर्णतः दबा दिया गया है तथा आसुरी शक्तियों को बढ़ावा मिला है। समझौतावादी संस्कृति ने 'अर्धसत्य' नामक शब्द का प्रादुर्भाव किया है जो निश्चय ही "शाश्वत्‌ सत्य'' को समाप्त करने का प्रयास है परंतु मनुष्य सांसारिक मायाजाल में यह भूल जाता है कि "शाश्वत्‌ सत्य'' का स्त्रोत स्वयं सर्वशक्तिमान परमेश्वर है और इसे कोई भी सांसारिक शक्ति मिटा/दबा नहीं सकती है। यह ठीक वैसा है जैसे हम सूर्य को अपनी मुठी में बंद नहीं कर सकते।

प्रश्न उठता है कि यह "शाश्वत्‌ सत्य'' क्या है जिसका मनुष्य को सामाजिक, धार्मिक, आत्मिक अर्थात्‌ पूर्ण छुटकारा प्रदान करता है। बाइबिल धर्मशास्त्र में सत्य के लिये मूल इबानी भाषा में मउमजी (येमेथ) शब्द का प्रयोग हुआ है जिसका मूल अर्थ स्थामित्व है ;निर्गमन १७ः१२ वहीं यूनानी भाषा में नव विधान में एलेथेसिया एवं पिस्तिस किया गया है जिसका अर्थ विश्वास योग्यता है। (रोमियो की पत्री ३: ३,७)।

प्रभु यीशु ने "शाश्वत्‌ सत्य'' को अपने शब्दों में कहा कि "तुम सत्य को जानोगे और सत्य तुम्हें स्वतंत्र करेगा (यूहन्ना ८ः३२)।'' यह उद्बोधन स्वयं सर्वशक्तिमान परमेश्वर के ज्ञान के इस संसार में प्रगट होने का पूर्ण प्रमाण है। यह एक गहन संबंध है सत्य और जीवन का। प्रभु यीशु ने कहा "मार्ग सत्य और जीवन मैं ही हूँ, बिना मेरे द्वारा कोई पिता के पास नहीं पहुँच सकता।'' इन शब्दों में "शाश्वत्‌ सत्य'' जो परमेश्वर का ज्ञान है स्पष्ट रूप से प्रगट है। यूहन्ना रचित सुसमाचार के प्रथम अध्याय में 'सत्य' का विस्तृत वर्णन है। परमेश्वर का सत्य ज्ञान प्रभु यीशु मसीह के देहधारण में देखा जा सकता है। जहाँ यीशु के जन्म से मृत्यु, तत्पश्चात्‌ तीसरे दिन जी उठना (पुनरूत्थान) देखने को मिलता है।

प्रभु यीशु ने स्वयं को सत्य कहा और यह सत्य इस संसार में पार्थिव रूप में मनुष्यों के बीच चला और फिरा तथा सत्य की गवाही दी जिसका स्पष्ट प्रमाण प्रभु यीशु के जीवन और कार्यों में परिलक्षित है। पापों की क्षमता, भूखों को खिलाना, मुर्दों को जलाना, बुराई एवं असत्य की घोर निंदा, प्रेम, सहनशीलता एवं शैतान पर विजय तथा सम्पूर्ण ब्रह्मांड पर नियंत्रण। यद्यपि संसार ने इस "शाश्वत्‌ सत्य'' जिसमें छुटकारा निहित है, को अधर्म एवं असत्य से दबाना चाहा परंतु दबा नहीं सका। सत्य हमेशा जीवित रहता है और जीवित रहेगा। सर्वशक्तिमान परमेश्वर सत्य के रूप में इस संसार में विद्यमान है, यदि न होता तो संसार कब का नष्अ हो चुका होता। प्रिय पाठको! संसार और असत्य, सत्य से कभी भी आगे नहीं हो सकता। जब तक सर्वशक्तिमान परमेश्वर है तब तक सत्य हमेशा रहेगा। अतः हमें हमेशा "शाश्वत्‌ सत्य'' जो स्वयं परमेश्वर है, की खोज में रहना चाहिए तथा सत्य के ज्ञान से स्व-निरीक्षण कर संपूर्ण अंधकार को मिटा डालना चाहिए तभी हमारी देह, आत्मा, प्राण का कल्याण होगा और हमारा जीवन परमेश्वर को ग्रहण योग्य होगा। जिससे पृथ्वी भी सुरक्षित रहेगी तथा चारों ओर का वातावरण प्रदूषित होने से बच जायेगा।

प्रस्तुति : रेव्ह. संतोष पाण्डेय (धर्म पुरोहित)

चर्च ऑफ असेंसन, घंटाघर एवं क्राइस्ट चर्च, नकवी पार्क, अलीगढ़