आधयात्मिक मूल्यों के लिए समर्पित सामाजिक सरोकारों की साहित्यिक पत्रिका.

Wednesday, October 1, 2008

सत्य का ज्ञान शांति के लिए आवश्यक

ऐसे कितने मनुष्य हैं जो उन वस्तुओं पर गंभीरतापूर्वक विचार करने के लिए ठहरते हैं जो उनके चारों ओर बिखरी पड़ी हैं। प्राचीन भारतीय विचारकों ने भी उचित रूप से विचार करने की इस आवश्यक प्रवृत्ति पर काफ़ी जोर दिया था। वे कहते हैं कि बिना इस विचारशक्ति के मनुष्य उस सत्यासत्य का निर्णय नहीं कर सकता जो उसको वैराग्य, शांति ( मानसिक) और अनिच्छा की ओर ले जाता है जिनके बिना आध्यात्मिक जीवन संभव ही नहीं है। प्लेटो ने भी कहा था कि "दर्शन (ज्ञान) की उत्पत्ति आश्चर्य से होती है'' और इसी आश्चर्य से मनुष्य विचार की ओर उन्मुख होता है अथवा आश्चर्य से प्रभावित होकर मनुष्य विचार करता है।

प्रस्तुति : अदिति उपाध्याय

सत्य क्या है ?

उमा कहहु मैं अनुभव अपना। बिन हरि भजन जगत सब सपना॥

जब सब सपना है तो सत्य क्या है? गोस्वामी जी ने तो भगवान शंकर के श्रीमुख से उपरोक्त पंक्तियां कहलवाकर यह सि कर दिया। हरि नाम ही सत्य है। इसके बिना तो अन्य सभी कुछ सपने के समान है। अधिकांश लोग अपने जीवन-धंधे में इतने डूबे रहते हैं कि वे इस वस्तु को जानने की चिंता ही नहीं करते कि जीवन है क्या? और इसीलिए जीवन की बड़ी-बड़ी घटनाएँ, जो एक विचारशील व्यक्ति के लिए गंभीर विचार की सामग्री एकत्र कर देती हैं, सामान्य जनों के हृदय में न कोई आश्चर्य पैदा करती हैं और न उन्हें विस्मय-विमुग्ध ही कर पाती हैं। वे बड़ी से बड़ी घटना को भी साधारण रूप में देखते हैं और अपने जीवन की छोटी छोटी बातों में ही व्यस्त रहते हैं।

भगवान श्री कृष्ण गीता के दूसरे अध्याय के सोलहवें श्लोक में अर्जुन से कहते हैं "असत्य की कोई सत्ता नहीं है और सत्य की सत्ता का कभी विनाश नहीं होता। तत्बदर्शियों द्वारा इन दोनों सत्यों का निरीक्षण हो चुका है।'' हमारे मनीषियों ने स्वीकार किया है कि मिथ्या या माया जगत्‌ की सत्यता से स्वप्न-जगत्‌ की सत्यता अधिकतर है। स्वप्न-जगत्‌ की अपेक्षा जीवन-जगत्‌ की सत्यता अधिक है और जीवन-जगत्‌ की अपेक्षा आत्मा, ईश्वर या अद्वैत के जगत्‌ की सत्यता अधिक है, जो अन्ततोगत्वा परस्पर एक समान हैं। रुद्र संदेश जैसी स्तरीय आध्यात्मिक पत्रिका को व्यक्त एवं अव्यक्त जगत्‌ के प्रत्येक रूप का विचार करना ही पड़ेगा। तभी सत्य मार्ग का निर्धारण होगा।

अधिकांश प्राचीन भारतीय तत्त्वज्ञानियों ने माना है कि ब्रह्म अद्वैत की सत्ता ही केवल सत्य है। ब्रह्म और आत्मा एक है। विश्व माया हैऋ माया का अस्तित्व केवल दिखावटी और सापेक्ष है। लेकिन आगे चलकर कुछ तत्त्वज्ञानियों ने भिन्न मत का प्रतिपादन किया है। उदाहरणार्थ बल्लभाचार्य जी ने यहाँ तक कहा है कि समस्त जगत्‌ सत्य और ब्रह्म का सूक्ष्म रूप है। वैयक्तिक आत्माएँ और जड़ जगत्‌ तत्वतः ब्रह्म के साथ एक हैं। अतः यह जगत्‌ ब्रह्म की ही भाँति नित्य और सत्य है और इसकी उत्पत्ति और विनाश का कारण ब्रह्म की शक्ति है। इसी सत्य का प्रतिपादन विश्व के सात हजार वैज्ञानिक मिलकर करने जा रहे हैं। तब इसे प्रायोगिक भी माना जाएगा। कुछ विद्वानों द्वारा माया-जगत्‌ को असत्य नहीं माना जाता, क्योंकि माया और कुछ नहीं ईश्वर की ही शक्ति है जिसे वह अपनी इच्छा से उत्पन्न करता है। उनके अनुसार जगत्‌ सत्य है यद्यपि हमारे जगत्‌-संबंधी अनुभव सत्य नहीं हैं। वे इस बात को नहीं जानते कि जगत्‌ ब्रह्म का ही एक रूप है।

भारतीय ही नहीं अनेकानेक पश्चिमी दार्शनिकों ने भी वेदों, उपनिषदों में वर्णित सत्य को स्वीकार किया है। प्रोफेसर एफ. एच. ब्रैडले ने लिखा है कि "प्रत्येक बाह्य वस्तु केवल रूपात्मक दृश्य है और सत्य केवल ब्रह्म में है। उन्होंने लिखा है, "ब्रह्म से अलग कुछ भी सत्य नहीं है और न हो सकता है और जो वस्तु जितनी ही अधिक ब्रह्ममय है उतनी ही अधिक वह सत्य है।'' हेगेल का मुख्य उपदेश भी इसी प्रकार का था। फ़ीक्टे कहता है कि "सच्चा जीवन नित्य में निवास करता है। यह प्रत्येक क्षण में पूर्ण रहता है और यही जहाँ तक संभव हो सकता है सर्वश्रेष्ठ जीवन है। छाया भूत जीवन बदलता रहता है। इसीलिए यह छाया-जीवन निरंतर मृत्यु का जीवन है। सच तो यह है कि उसका जीवन मृत्यु है।'' उपरोक्त परिचय में हम सत्य की प्रस्तावना का परिचय पाते हैं। यह एक अत्यंत महतवपूर्ण विषय है जिसे एक अंक में सहेज पाना सम्भव नहीं। अतः सम्पादक मण्डल ने इस विषय को अगले अंकों में चलाते रखने का निर्णय लिया है। जितने धर्माचार्यों एवं विद्वान विचारकों के विचार हमें प्राप्त हुए हैं उनमें से कुछ को इस अंक में तथा शेष को अगले अंक में प्रकाशित कर निर्णय का प्रतिपादन किया जाएगा।

Thursday, September 25, 2008

सच्चा हीरा तो आप हैं

बगदाद के खलीफा हसन एक खुदापरस्त व रहमदिल इंसान थे। उनका सेवक हाशिम उनके संपर्क में आने के बाद अनेक दुर्गुणों का त्याग कर नेकदिल इंसान बन गया था। वह खलीफा के साथ एक फकीर के पास सत्संग के लिए जाया करता था। फकीर उपदेश में कहा करते थे कि जो व्यक्ति हराम की कमाई तथा पराये धन के लालच से बचा रहता है, वह हमेशा सुखी रहता है। एक बार खलीफा बहुत से सेवकों (गुलामोंद्) के साथ बग्घी में बैठकर कहीं जा रहे थे। अचानक घोड़ा फिसल गया और खलीफा के हाथ की थैली झटका लगने के कारण दूर जा गिरी। उस थैली में कीमती हीरे-पन्ने भरे हुए थे, जो सड़क पर बिखर गए। खलीफा ने गुलामों से कहा, "तुम सब तुरंत हीरे-पन्ने बटोर लो। बदले में सबको इनाम दिया जाएगा।' सभी गुलाम हीरे-पन्ने बटोरने में लग गए। खलीफा ने देखा कि हाशिम उनके पास ही खड़ा है। इनाम के लालच में वह हीरे-पन्ने बटोरने में नहीं जुटा। खलीफा ने हाशिम से पूछा, "तुम हीरे-पन्ने क्यों नहीं बटोर रहे हो?' हाशिम ने जबाब दिया, "सबसे कीमती हीरा तो मेरे बिलकुल पास खड़ा है। आप मेरे लिए हीरा ही नहीं, पारस हैं। आपने तमाम दुर्गुणों से मुक्ति दिलाकर मुझे सच्चा इंसान बना दिया है। फिर, मैं हराम की कमाई इनाम में लेकर पाप का भागी क्यों बनूं?' बादशाह उसकी नेकनीयती से बेहद खुश हुए। उन्होंने उसे सेवक से सलाहकार बना दिया।

प्रस्तुति : मानव

Wednesday, September 24, 2008

अब किससे मिलाने जाते हो

एक बार एक व्यक्ति के मन में विचार आया कि भगवान से कैसे मिला जाए? यहाँ इस घर में पड़े-पड़े इन्तजार करता रहा तो शायद पूरी आयु यूँ ही बीत जाए। ऐसा विचार आने पर उसे लगा कि "घर से निकल कर भगवान को खोजा क्यूँ न जाए? सुना है ऊँचे पर्वतों पर भगवान आसानी से मिल जाते हैं। क्यों न वहीं चलूँ।'' ऐसा निश्चय कर उसने यात्रा की तैयारी शुरू करी। अब वह घर की जो वस्तु देखता उसे लगता इसकी तो बड़ी आवश्यकता है या ये कितनी सुन्दर है या ये किसी की याद दिलाती है वगैरह-वगैरह मतलब ये कि उसे हर सामान उपयोगी व प्रिय लगने लगा सो उसने कुछ मजदूरों को बुलाकर उनसे अपने साथ-साथ सामान लेकर चलने को कहा। अब घर के ढेर सारे सामान के साथ उसकी यात्रा प्रारम्भ हुई।

राह में एक सन्त ने उसे पर्वतों की चढ़ाई इतने सामान के साथ चढ़ते देखा तो कारण पूछ बैठे। इस पर उसने सन्त को बताया कि वह भगवान से मिलने जा रहा है। सन्त ने कहा इतना सामान लेकर चढ़ाई चढ़ोगे तो बहुत कष्ट होगा और समय भी अधिक लगेगा। हो सकता है कि इतनी बाधाएं हों कि तुम वहाँ पहुँच न पाओ। अब वह व्यक्ति बोला ठीक है सामान यहीं आपके पास छोड़ देता हूँ। फिर वो जैसे ही आगे बढ़ने लगा तो सन्त ने उसे रोका और बोले "अब कहाँ जा रहे हो? किससे मिलने जा रहे हो? अब तो तुम स्वयं ही भगवद्स्वरूप हो गए हो। यह सामान का मोह ही तो बाधा था, अब वह बाधा कटते ही भगवान तुम्हें कहीं भी सुलभ हो गए हैं।'' मन में अगर मोह, कामना, वासना पड़ी है तो भक्ति नहीं हो सकती। ज्ञान तथा वैराग्य से जब मोह बन्धन करता है तभी भक्ति हो पाती है, और तभी मुक्ति मिलती है। किसी ने सही ही कहा है-

"चाह, चमारी, चूड़ी............................. तू तो पूरन ब्रह्म था, यदि चाह न होती बीच।''

Tuesday, September 23, 2008

जीवन तो धर्म का जीवन है

जीवन तो धर्म का जीवन है, कर्मों का बन्धन है।

धारा कब दूर नदी से, ईश्वर कब दूर खुदी से॥

संयम कब दूर हदी से, कब जीव है दूर गति से।

जीवन......................................

जीवन के सफर में जानें कितने मकाम आते हैं।

कितने आँसू दे जाते, कितने बहार लाते हैं॥

प्यारे प्यारे दुःख से, हँसते रोते मुखड़ों से।

दिल के हंसीन टुकड़ों से खामोश खिले अधरों से॥

जीवन....................................

दामन में कभी काँटों से जीवन को सआना होगा।

पतझड़ में बसा दिल अपना कलियाँ को भुलाना होगा॥

लहरों को बनाकर कस्ती, हर क्षण तेरी याद की मस्ती।

भूले न 'रुद्र' तेरी भक्ति, तेरे चरणों सी हस्ती॥

जीवन.........................

Monday, September 22, 2008

कर्म करो तो भगवान दूर नही

भटके हम भगवान से नहीं, अपने फ़र्ज़ से भटक गए हैं। हम भगवान से दूर नहीं हुए हैं, अपने-अपने फ़र्ज़ को भूल गए हैं। इसलिए उससे दूर हो गए ऐसा अनुभव करते हैं। बस फ़र्ज़ को पकड़ लें, वो तो हैं ही हमारे पास में। अपने कर्म को करो, भगवान दूर नहीं हैं। ब्रह्मा ने तप किया। भगवान ने उनके हृदय में दर्शन देकर ब्रह्मा को आदेश दिया कि मेरा ध्यान करते हुए सृष्टि की रचना करो।

ब्रह्मा ने अविद्यादि पाँच वृत्तियों को उत्पन्न किया- सनकादि रिषि उत्पन्न किए, जो सन्यासी हो गए। क्रोध उनके भौंहों के बीच से उत्पन्न हुआ, लाल और नीले रंग के रूप में जिससे रुद्र भगवान प्रकट हुए। रुद्र बोलते हैं- कम्पन को, ध्वनि को। जानते हो दुनियाँ क्या है? एक कम्पन है। जिन्दगी क्या है? कम्पन है। कम्पन है तो जीवन है, नहीं तो जीवन खत्म हो गया। कोई भी चीज खत्म नहीं होती। कम्पन से उत्पन्न होती है, कम्पन से ही समाप्त हो जाती है। कम्पन हर समय, हर जगह है। कम्पन ही धरती में, गगन में, वायु में, खाली स्थान में भी है। इसलिए खाली जगह छोड़ना धर्म है। जगह को भरना धर्म नहीं है। अपने दिमाग को जितना खाली रखोगे, उतने ही धर्मात्मा होते जाओगे। यही रुद्र भगवान का कहना है। जगह को खाली नहीं छोड़ोगे तो रोओगे, पछताओगे। झगड़ा किसका? जगह को भरने, पकड़ने का ही तो झगड़ा है। कोई कुर्सी चाहता है, कोई जमीन, कोई मकान को जकड़ना चाहता है, पकड़ना चाहता है। इसी से सारी क्लेष है।

साधु कौन है? जिसने किसी को पकड़ा हुआ - जकड़ा हुआ नहीं है। जो किसी से जकड़ा हुआ नहीं है, वही साधु है और नहीं तो स्वादु है। तीन चीजों के लिए रोता है आदमी- एक नाम के लिए, एक जमीन के लिए, एक ब्याह के लिए। तीन ही तरह के रोने हैं। रुद्र भगवान भी रोए, बोले मुझे नाम दो, जमीन दो और मेरा ब्याह करो। तो उन्हें ग्यारह नाम दिए गए, ग्यारह स्थान दिये और ग्यारह शक्तियाँ दी गईं। जमीन के लिए जो रो रहा है वह साधु नहीं है, मान के लिए या स्त्री के लिए रो रहा है वो भी साधु नहीं। जिसने नाम, जमीन और स्त्री तीन चीजों की पकड़ छोड़ दी, वह सन्त हो गया। ब्रह्मा जी ने देखा कि इनकी सृष्टि तो आपस में झगड़ा कर रही है, तो बोले "बेटा! जिस घर में झगड़ा हो, वह घर छोड़ देना चाहिए।'' तो शमशान में बैठ गए और आत्म चिन्तन करने लगे। फिर ब्रह्मा जी ने मानसी सृष्टि की। जिसमें वाणी की देवी सरस्वती उत्पन्न हुईं। अपनी मानसी पुत्री पर ब्रह्मा जी मुग्ध हो गए, मोहित हो गए। सरस-रसीली.... सरस्वती पर। ब्रह्मा कहते हैं-बुद्धि को।

बुद्धि अगर रसीली बातों में घूमी हुई है, तो समझो बर्बाद है। जिन बातों से रस टपकता है, उनमें बुद्धि रत हो जाए तो बुद्धि का नाश होता है। जिन गीतों में से रस टपकता ह,ै उनसे बुद्धि का नाश होता है और आज कल जो आदमी फोन लगाकर या माइक लगा कर या कैसे भी रसीले, स्वाद-स्वाद के गीत सुनते हैं, उनमें बुद्धि मिलेगी ही नहीं। बुद्धि वो जो उलझे हुए विषय को सुलझाए और आजकल का आदमी.... जिसमें बुद्धि से काम करना पड़ता है उसे सुनना नहीं चाहता है और आज कल के गीत भी ऐसे ही हैं जिनमें दिमाग न लगाना पड़े जो सीधे-सीधे यूँ ही पहुँच जाएं। जिसमें दिमाग़ लगाना पड़े, जिनमें ज्ञान की बात मिलती हो वो गीत ही खत्म हो गए हैं। सब गीत हैं, सीधे-सीधे, सपाट-सपाट, गँवारपने के। इसलिए आदमी में बुद्धि नहीं रही। रसीले, स्वादभरे गीत सुन रहा है। और उसे उनमें स्वाद आ रहा है तो समझना कि यह लड़का, यह आदमी बर्बाद हो गया।

यदि तुम चाहते हो कि हम समझदार बनें, ज्ञानी बनें तो स्वाद के गीत और बात छोड़ देना जिनमें दिमाग़ लगाना पड़े, वही बात सीखना, वही गीत सुनना। ब्रह्मा का जीवन बर्बाद हो गया। बुद्धि खत्म हो गई। फिर रिषियों के कहने पर ब्रह्माजी ने शरीर छोड़ दिया और दूसरा शरीर धारण किया। अर्थात दूसरी बात, दूसरा तरीका पकड़ा। जिसमें दिमाग़ लगाना पड़ता है वही बात करो, वही बात सुनो और जिसमें दिमाग़ नहीं लगाना पड़ता वो बात छोड़ दो, वो गति छोड़ दो।

Saturday, September 20, 2008

वैराग्य : विरक्ति ही शांति का मूल है

बलि अत्यंत पराक्रमी था। उसने रावण जैसे बलवान शासक को भी पराजित किया था। लेकिन इंद्र ने बलि को परास्त कर उसकी समस्त संपत्ति उससे छीन ली थी। शुक्राचार्य ने स्वर्ग-विजय कें लिए बलि से एक यज्ञ कराया और इसके परिणामस्वरूप बलि ने वरदान प्राप्त करके देवताओं को समर में हरा दिया। उसने तीनों लोक जीत लिए। वह दीर्घ काल तक सुखों का भोग करता रहा। लेकिन सांसारिक भोगों एवं शक्तिशाली होने के अहंकार से उसके पुण्य क्षीण होने लगे। बलि का मन अशांत रहने लगा। एक दिन वह अपने पिता विरोचन के पास पहुंचा। विरोचन ने बलि से पूछा, "अब तो तुम्हारा मन पूर्ण शांति एवं संतोष से परिपूर्ण होगा। अब तो तुम्हारी कोई आकांक्षा शेष नहीं है?'' बलि ने पिता के प्रश्न का जबाब देते हुए कहा, "पिताश्री, मैं यह अनुभव कर रहा हूँ कि जिन भोगों और सांसारिक वस्तुओं को मैं सुख का कारण समझता था, उन्होंने ही मेरे मन को पग-पग पर अशांत बना रखा है। मैं अभी तक भ्रम के संसार में जी रहा था। इसलिए मुझे ऐसी कोई साधना बताइए, जिससे दुःख और सुख का अंत हो जाए।'' विरोचन ने बलि से कहा, "वत्स, धर्मशास्त्रों के अनुसार, भोग से अशांति बढ़ती है और उनसे चिर विरक्ति होने पर ही मन को असली शांति मिलती है। विरक्ति और संतोष ही प्रभु-कृपा प्राप्ति एवं मोक्ष का साधन है।'' बलि ने पिता का उपदेश सुना, तो उसका विवेक जाग उठा। उसने राजपाट त्यागकर स्वयं को मोक्ष साधना में लगा दिया।

प्रस्तुति : धनश्याम गिरि http://www.rudragiriji.net